DTN उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के मोरी ब्लॉक की हरकीदून घाटी स्थित पवाणी गांव में आज शाम भीषण अग्निकांड से भारी तबाही मच गई। आग की चपेट में आने से दर्जनों मकान जलकर राख हो गए। इस घटना में 30 से अधिक परिवारों के प्रभावित होने की सूचना है। अग्निकांड में घरों में रखा खाद्यान्न, बर्तन, गैस सिलेंडर, कपड़े, नकदी और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार प्रभावित परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार मोरी तहसील मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर पवाणी गांव में आज शाम लगभग साढ़े चार बजे अचानक एक मकान में आग लग गई। ग्रामीण कुछ समझ पाते और आग पर काबू पाने का प्रयास करते, इससे पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग आसपास के मकानों तक फैल गई और कई घर इसकी चपेट में आ गए। आग की लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने और सामान बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता के चलते उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
इस अग्निकांड ने कई परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा कर दिया है। जिन घरों में परिवारों की वर्षों की जमा पूंजी और जरूरी सामान रखा था, वे आग की भेंट चढ़ गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
तहसीलदार मोरी सरदार सिंह चौहान ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व, अग्निशमन और एसडीआरएफ की टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गई हैं। दुर्गम क्षेत्र में स्थित पवाणी गांव तक पहुंचने में रेस्क्यू टीमों को दो घंटे से अधिक का समय लग सकता है। टीमों के मौके पर पहुंचने के बाद ही आग से हुए वास्तविक नुकसान और प्रभावित परिवारों की संख्या की विस्तृत जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया है।
