चंपावत। नगर पालिका परिषद्, चम्पावत ने नगरवासियों की सुविधा के लिए समान नागरिक संहिता उत्तराखण्ड, 2024 के तहत विवाह एवं पंजीकृत विवाह की अभिस्वीकृति के निःशुल्क पंजीकरण हेतु विशेष शिविर का आयोजन पालिका कार्यालय में किया है। इस शिविर के माध्यम से दंपत्ति अपने आवश्यक दस्तावेज़ों के साथ पहुंचकर शादी का पंजीकरण निःशुल्क करवा सकते हैं।

पालिका प्रशासन ने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए चार कर्मचारियों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है, जो नागरिकों की हर प्रकार से सहायता कर रहे हैं।
पालिका अध्यक्ष सुनीता पाण्डेय ने कहा, “यह शिविर नगरवासियों के लिए बड़ी राहत है। सभी दंपत्ति से अनुरोध है कि अपने विवाह का पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराएं और सरकारी योजनाओं के लाभ के हक़दार बनें।”
विवाह पंजीकरण के लिए दंपत्ति को आधार कार्ड, व्यक्तिगत व संयुक्त फोटोग्राफ, राशन कार्ड, पैन कार्ड और आधार लिंक मोबाइल नंबर के साथ आना अनिवार्य है। पंजीकरण में किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
