मुनस्यारी/पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज एक दिवसीय दौरे पर सीमांत विकासखंड मुनस्यारी पहुंचे। मुनस्यारी हेलीपैड (राजकीय कन्या इंटर कॉलेज जी.जी.आई.सी.) पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका हार्दिक स्वागत किया। पुलिस बल ने मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने इस दौरान भारी संख्या में मौजूद मुनस्यारी क्षेत्र की माताओं, बहनों और स्थानीय नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने लोगों से आत्मीय मुलाकात करते हुए क्षेत्रवासियों के स्नेह और समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया।

“हर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास की रोशनी”
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि “हर अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे” और सीमांत क्षेत्रों के लोगों को बुनियादी सुविधाएं सुलभ हों। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि सरकार निरंतर सीमांत अंचलों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
आईटीबीपी जवानों से मिले, किया हौसला अफजाई
इसके पश्चात मुख्यमंत्री धामी ने आईटीबीपी की 14वीं बटालियन, मुनस्यारी पोस्ट का भी भ्रमण किया। जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने जवानों से मुलाकात कर सीमाओं की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि “आपके त्याग, अनुशासन और समर्पण से ही देश सुरक्षित है।” उन्होंने आईटीबीपी के अधिकारियों एवं जवानों को राज्य सरकार की ओर से शुभकामनाएं दीं।
जनप्रतिनिधियों से की भेंट, दिए विकास में तेजी लाने के निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से भेंटवार्ता की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं, जनसमस्याओं और आधारभूत ढांचागत जरूरतों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने अपने कॉलेज के पुराने मित्रों से भी भेंट की और आत्मीय संवाद करते हुए पुरानी यादें साझा कीं। उन्होंने मित्रों के साथ सेल्फी खिंचवाई और उनके परिवारजनों का कुशलक्षेम पूछा। मुख्यमंत्री के इस स्नेहपूर्ण और जनसंपर्क से भरे दौरे से मुनस्यारी क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।
