विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में सीएस ने पूंजीगत व्यय बढ़ाने, एंग्लिंग पर्यटन और अंडरग्राउंड विद्युतीकरण पर दिया जोर
चम्पावत। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने आज चम्पावत जिले के विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा की और अधिकारियों को जिले को ‘आदर्श, योजनाबद्ध एवं तेज गति से विकसित होने वाले जनपद’ के रूप में स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।
मुख्य सचिव ने गोल्ज्यू कॉरिडोर, कृषि एवं पैरामेडिकल कॉलेज, स्पोर्ट्स महाविद्यालय, पेयजल योजना और एनएच स्वाला सुधार सहित जिले की प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।
मास्टर प्लान में रेलवे विस्तार अनिवार्य
समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने भविष्य की योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने चम्पावत-लोहाघाट मास्टर प्लान की समीक्षा करते हुए कहा कि आने वाले समय की जरूरतों को देखते हुए, खासकर रेलवे विस्तार से संबंधित सभी महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को मास्टर प्लान में अनिवार्य रूप से सम्मिलित किया जाए। इसके अलावा, उन्होंने पंचेश्वर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एंग्लिंग पर्यटन हेतु प्रतिवर्ष वार्षिक एंगलर्स मीट आयोजित करने का निर्देश दिया।
पूंजीगत व्यय बढ़ाएं, शिकायतों का तुरंत निपटारा हो
अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि पूंजीगत व्यय को बढ़ाया जाए। उन्होंने कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने पर जोर दिया। इसके साथ ही, पब्लिक ग्रीवांस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से संबंधित सभी लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
नवाचारों का किया निरीक्षण, ‘आदर्श चम्पावत’ लोगो का अनावरण
बैठक से पूर्व मुख्य सचिव ने कलेक्ट्रेट परिसर में लगे एनआरएलएम, चाय विकास बोर्ड, डेयरी, कृषि, और उद्योग जैसे विभागों के विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने उत्पादों और नवाचारों को और अधिक प्रोत्साहन देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिले के प्रमुख नवाचारों जैसे—ज्ञान केंद्र लाइब्रेरी, ज्ञान सेतु पुल, कम्प्यूटर ऑन व्हील और पिरुल ब्रिकेटिंग यूनिट की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य सचिव ने इस दौरान “आदर्श चम्पावत” के लोगो का अनावरण किया और “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
बैठक में कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

