पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने आज राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिछुल, कनालीछीना का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान छात्रों की सीखने की क्षमता, आत्मविश्वास और पारंपरिक भोजन की गुणवत्ता से डीएम खासे प्रभावित और संतुष्ट दिखे।

डीएम भटगाई ने कक्षा-कक्ष, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, स्वच्छता और अभिलेखों के निरीक्षण के साथ-साथ विशेष रूप से स्मार्ट कक्षा का अवलोकन किया। वर्चुअल लर्निंग सत्र के दौरान उन्होंने सीधे छात्रों से प्रश्नोत्तर किए। छात्रों ने त्वरित, आत्मविश्वासपूर्ण और प्रभावी उत्तर देकर अपनी सीखने की क्षमता और तर्कशक्ति का परिचय दिया, जिससे जिलाधिकारी अत्यंत प्रभावित हुए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने छात्रों द्वारा स्वप्रेरणा से तैयार की गई दीवार पत्रिका, शैक्षिक मॉडल, ग्रीटिंग्स, अल्पना और कला-संस्कृति से सम्बंधित रचनाओं को देखा। उन्होंने छात्रों की सृजनात्मकता और प्रस्तुति कौशल की जमकर सराहना की और इसे विद्यालय की सकारात्मक गतिविधियों का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास छात्रों में सीखने की रुचि और आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं।
मड़ुए की रोटी और भट्ट की चुड़कानी का स्वाद
मध्यान्ह भोजन के समय जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, स्टाफ और छात्र-छात्राओं के साथ भोजन किया। भोजन में मड़ुए की रोटी, भट्ट की चुड़कानी और गड़ेरी की सब्जी जैसे पारंपरिक स्थानीय व्यंजन परोसे गए, जिस पर डीएम ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण संतुलन की सराहना करते हुए मध्यान्ह भोजन योजना की अनुपालना पर संतोष जताया।
छात्रों को दिया कड़ी मेहनत और बड़े सपने देखने का मंत्र
डीएम ने छात्रों से उनके भविष्य की आकांक्षाओं, पसंदीदा विषय, रुचियों और कैरियर विकल्पों पर संवाद किया। उन्होंने छात्रों को कड़ी मेहनत, अनुशासन, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास के महत्व पर प्रेरक संदेश दिए। उन्होंने छात्रों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने हेतु प्रोत्साहित किया।
डीएम ने विद्यालय प्रशासन को शैक्षिक गुणवत्ता में और सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता, उपस्थिति, डिजिटल शिक्षा के उपयोग और सह-शैक्षिक गतिविधियों को और सुदृढ़ करने के आवश्यक सुझाव दिए।
निरीक्षण के समय मुख्य शिक्षा अधिकारी पिथौरागढ़ हरक राम कोहली और खण्ड शिक्षा अधिकारी कनालीछीना भी मौजूद रहे।
