लापरवाही-विलंब बर्दाश्त नहीं, हर पात्र तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: सीएम धामी

बागेश्वर में अधिकारियों संग समीक्षा बैठक, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों के विकास पर दिया जोर; खिलाड़ियों को किया सम्मानित
बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, शिक्षा, पीएमजीएसवाई, जल संस्थान, विद्युत, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, कृषि एवं उद्यान जैसे प्रमुख विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध रूप से पहुँचना चाहिए। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, “किसी भी विभाग में लापरवाही या विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।” उन्होंने बुनियादी सेवाओं, जैसे सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा को सुचारू रखने तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
खिलाड़ियों का सम्मान, युवाओं को प्रेरणा
समीक्षा बैठक के प्रारंभ में मुख्यमंत्री धामी ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त ताइक्वांडो खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खिलाड़ी प्रदेश का गौरव बढ़ाते हैं और युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि बागेश्वर में पर्यटन, प्राकृतिक संसाधन, सांस्कृतिक धरोहर और कृषि आधारित आर्थिक गतिविधियों के विकास की अपार संभावनाएँ हैं। उन्होंने साहसिक पर्यटन के नए स्थलों की पहचान करने और विंटर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि जनपद में प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और हेली सेवाओं के विस्तार पर तेजी से कार्य हो रहा है, जिससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
कृषि एवं उद्यान के लिए मिशन मोड
कृषि एवं उद्यान विभाग को लाल चावल, अदरक, हल्दी जैसी स्थानीय फसलों के लिए मजबूत बाज़ार उपलब्ध कराने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने शहद उत्पादन को मिशन मोड में बढ़ाने और एप्पल-कीवी जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों को आधुनिक तकनीक व मार्केट लिंक से जोड़ने के निर्देश दिए।
‘हर्बल जिला’ बनाने की पहल
जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि प्राथमिक विद्यालय कपकोट अब राज्य के उत्कृष्ट विद्यालयों में शामिल है, जहाँ रिवर्स पलायन देखने को मिला है। उन्होंने यह भी बताया कि बागेश्वर को हर्बल जिला बनाने की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसकी वैश्विक मांग को देखते हुए व्यापक संभावनाएँ हैं।
समाज कल्याण विभाग को जागरूकता शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि अब पेंशन राशि प्रत्येक माह की 05 तारीख को नियमित समय पर खातों में भेजी जा रही है।
अंत में मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण और लगातार जनसेवा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक सुरेश गढ़िया एवं पार्वती दास, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।