पिथौरागढ़। राज्य सरकार के जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत न्याय पंचायत दन्तोला के राजकीय इंटर कॉलेज पांखू, विकासखंड बेरीनाग में एक दिवसीय जनसुनवाई एवं सेवा प्रदाय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने की।

शिविर में दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। शिविर में कुल 105 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 92 का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि शेष को शीघ्र कार्यवाही हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया।
ग्रामीणों ने टूटी सड़कों व नालियों के निर्माण, फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़, नियमित पेयजल आपूर्ति, जंगली जानवरों से सुरक्षा, राशन कार्ड, परिवार रजिस्टर, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, चेक डैम, खेल मैदान, विद्युत लाइन सुधार, स्मार्ट मीटर, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत भवन निर्माण जैसी समस्याएं प्रमुखता से रखीं।
पेयजल संकट का मुद्दा उठने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल और स्थायी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी खराब हैंडपंप, पाइपलाइन और योजनाओं की मरम्मत कर नियमित जलापूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए।
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए तथा महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। शिविर में लगभग 620 लोगों ने सहभागिता की और 849 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिला।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री हेमराज बिष्ट, गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
