पिथौरागढ़। घाट मोटर मार्ग पर आज एआरटीओ प्रवर्तन टीम की सतर्कता से एक संभावित हादसा टल गया। पिथौरागढ़ से देहरादून जा रही रोडवेज बस अत्यधिक धुआं छोड़ते हुए और मोड़ों पर असामान्य रूप से धीमी गति से चलती दिखाई दी, जिस पर संदेह होने पर टीम ने वाहन को रोककर जांच की।

एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल नियमित चेकिंग अभियान के तहत टीम के साथ मार्ग पर तैनात थे। जांच के दौरान चालक ने बताया कि बस का स्टीयरिंग ठीक से कार्य नहीं कर रहा है और वाहन पर्याप्त पिकअप नहीं ले पा रहा है, जिससे यात्रा असुरक्षित हो सकती थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एआरटीओ ने तत्काल पिथौरागढ़ रोडवेज के सहायक निबंधक से संपर्क कर वैकल्पिक बस भेजने का अनुरोध किया। रोडवेज प्रशासन ने दूसरी बस की व्यवस्था कर सभी यात्रियों को सुरक्षित आगे रवाना किया। खराब बस को मौके पर ही रोक दिया गया।
एआरटीओ ने परिवहन निगम से अपील की कि तकनीकी रूप से खराब वाहनों को संचालन में न लाया जाए। उन्होंने बताया कि जनपद में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रमों के साथ प्रवर्तन कार्रवाई भी लगातार जारी है।
मौके पर परिवहन आरक्षी सीमा राणा, बलदेव और महेंद्र मौजूद रहे।
