पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं।

जनसुनवाई के दौरान फरियादियों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, राजस्व, भूमि विवाद तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है, इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत धारपांगू की प्रधान पुष्पा देवी ने वर्ष 2022 की प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के विस्थापन और भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराए जाने संबंधी पत्र जिलाधिकारी को सौंपा। उन्होंने बताया कि आपदा के कारण कई मकानों में दरारें आ गई हैं और कुछ परिवार वर्तमान में मिलन केंद्र तथा पंचायत भवन में रहने को मजबूर हैं। प्रभावित 12 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाने की मांग की गई।
इसके अलावा विकासखंड डीडीहाट के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय हचिला के संबंध में अभिभावकों ने प्रार्थना पत्र देकर विद्यालय में कार्यरत अध्यापक भुवन चंद्र भट्ट को यथावत रखने का अनुरोध किया, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो सके।
साथ ही ग्राम पंचायत जिप्ती के आपदा प्रभावित परिवारों को पुनर्वास लाभ दिलाए जाने के लिए भी प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। बताया गया कि क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बना रहता है और करीब 66 परिवार जोखिम भरे स्थानों पर रहने को मजबूर हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, एसडीएम सदर जितेंद्र वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
