जौलीग्रांट (देहरादून)/ पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर देहरादून-पिथौरागढ़-देहरादून विमान सेवा का शुभारंभ किया। रामनवमी के अवसर पर शुरू हुई इस 42 सीटर विमान सेवा से अब पिथौरागढ़ से देहरादून का सफर मात्र एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सेवा न केवल आम जनता के लिए सुविधाजनक है, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एक समय हवाई यात्रा केवल सम्पन्न वर्ग तक सीमित थी, लेकिन अब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आम नागरिक भी हवाई यात्रा कर रहा है।
धामी ने बताया कि वर्ष 2016 में शुरू की गई उड़ान योजना के माध्यम से छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ा गया है। हाल ही में केंद्र सरकार ने उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके तहत अगले 10 वर्षों में लगभग 29 हजार करोड़ रुपये खर्च कर 100 नए हवाई अड्डे और 200 हेलीपैड विकसित किए जाएंगे।
हवाई सेवाएं बनीं ‘जीवन रेखा’
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में हवाई सेवाएं अब जीवन रेखा बन चुकी हैं। दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यक सामग्री पहुंचाने और गंभीर मरीजों को त्वरित उपचार के लिए बड़े अस्पतालों तक ले जाने में इनका बड़ा योगदान है। वर्तमान में राज्य में उड़ान योजना के तहत 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में शुरू की गई उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना के तहत 6 मार्गों पर नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं। बीते चार वर्षों में प्रदेश में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड 60 से बढ़कर 118 हो गए हैं।
पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नई सेवा से पिथौरागढ़ के लोगों को तेज और सुरक्षित यात्रा का विकल्प मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के बीच हेली सेवा भी शुरू की गई है।
सरकार पिथौरागढ़ हवाई अड्डे को 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित कर रही है। साथ ही, नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और राज्य सरकार के बीच समझौता भी किया गया है।
कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के जरिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
—————————————————————

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से पिथौरागढ़ और देहरादून के बीच आवागमन आसान होगा, जिससे पर्यटन, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे, विधायक बिशन सिंह चुफाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, महापौर कल्पना देवीलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
