35 साल की सेवा के बाद रसायन विज्ञान के प्रवक्ता अशोक यादव सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई

पिथौरागढ़। जीआईसी गुरना में रसायन विज्ञान के प्रवक्ता अशोक कुमार यादव 35 वर्षों की दीर्घ सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए। विद्यालय परिसर में उनके सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनके योगदान को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।

कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाचार्य हरीश मेहता ने अशोक यादव के शिक्षण जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने जीआईसी दौबांस, पीएमश्री एसडीएस जीआईसी पिथौरागढ़ और जीआईसी गुरना में अपनी सेवाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने कहा कि अशोक यादव का सरल स्वभाव और विद्यार्थियों के प्रति स्नेहपूर्ण व्यवहार सदैव प्रेरणादायक रहा।

वक्ताओं ने कहा कि अशोक यादव ने न केवल विद्यार्थियों को विषय का ज्ञान दिया, बल्कि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी। उनके पढ़ाए कई छात्र-छात्राएं आज विभिन्न उच्च पदों पर कार्यरत हैं, जो उनके समर्पण का प्रमाण है।

इस अवसर पर शिक्षकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और उपहार भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना की। कार्यक्रम में राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह रावल, प्रवक्ता शिवजीत सिंह, अशोक पंत, पूरन सिंह धामी, हेमलाल वर्मा, डॉ. टीएन जोशी सहित अनेक शिक्षकों ने शुभकामनाएं दीं।