गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर प्रशासन का शिकंजा, छापेमारी में 14 सिलेंडर बरामद

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर जनपद में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। आज संयुक्त टीमों ने नगर क्षेत्र सहित बिण और रई इलाके में कार्रवाई करते हुए अवैध भंडारण और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के मामलों का खुलासा किया।

उपजिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम और जिला आपूर्ति अधिकारी विनय कुमार की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी की टीम ने 7 गैस सिलेंडर जबकि आपूर्ति विभाग की टीम ने भी 7 सिलेंडर बरामद किए। इस तरह कुल 14 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी में सामने आया कि कई स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था, जो पूरी तरह प्रतिबंधित है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में जमाखोरी और कालाबाजारी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं इस प्रकार की गतिविधियां नजर आएं तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।