पिथौरागढ़। नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम ने नई बहुउद्देशीय स्काई लिफ्ट गाड़ी का सफल परीक्षण किया। इस आधुनिक वाहन के जरिए अब ऊंचाई पर लगी खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और रखरखाव का कार्य अधिक सुरक्षित और आसान तरीके से किया जा सकेगा।

महापौर कल्पना देवलाल ने बताया कि नई स्काई लिफ्ट गाड़ी का उपयोग नगर क्षेत्र में सड़कों के किनारे लगी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक करने के साथ-साथ सार्वजनिक भवनों की ऊंचाई पर होने वाले आवश्यक कार्यों में भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल शहर के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने तथा रखरखाव कार्यों में तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
महापौर ने कहा कि अब ऊंचे स्थानों पर लगी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करना पहले की तुलना में अधिक आसान और सुरक्षित होगा, जिससे नगरवासियों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था का लाभ मिल सकेगा।
इस दौरान सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी, पार्षद रवि मेहता, कमलेश जोशी, प्रवीन उपरारी, गौरव अग्रवाल, संजय गढ़िया, मयूर नागी, चन्द्र प्रकाश, भूपाल सौन मौजूद रहे।
