सितारगंज। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सितारगंज के शक्तिफार्म क्षेत्र को सिडकुल से जोड़ने के लिए सिसौना नदी पर लगभग 11.41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 150 मीटर स्पान पुल का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के करीब 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा, वहीं सिडकुल सितारगंज और विकासखंड कार्यालय सिसौना तक पहुंचने की दूरी करीब नौ किलोमीटर कम हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार शहरों से लेकर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि ऊधमसिंह नगर और शक्तिफार्म-सितारगंज क्षेत्र में कई महत्वाकांक्षी परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। शक्तिफार्म में पीपीपी मॉडल के तहत आधुनिक डेयरी प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जा रही है, जहां मिल्क पाउडर, आइसक्रीम और चीज का निर्माण होगा। वहीं प्रह्लाद पलसिया में लगभग 54 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे एक्वा पार्क का करीब 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पीएचसी को 30 बेड के सीएचसी में उच्चीकृत किया गया है। इसके अलावा सितारगंज-टनकपुर फोरलेन सड़क, आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली, विभिन्न मोटर मार्गों और मल्टी स्टोरी पार्किंग के निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किच्छा में लगभग 351 करोड़ रुपये की लागत से 100 एकड़ भूमि पर एम्स सेटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही गदरपुर और खटीमा बाईपास, बस अड्डों, खेल स्टेडियम, साइकिलिंग ट्रैक, एथलेटिक्स ट्रैक और औद्योगिक परियोजनाओं के जरिए क्षेत्र को नई पहचान दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना को दोबारा शुरू कर तराई क्षेत्र की पेयजल और सिंचाई संबंधी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया जा रहा है। किसानों के हित में गन्ने के समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी भी की गई है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शासनी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
