दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। पतोर ओपी क्षेत्र के चंदनपट्टी गांव में एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतकों की पहचान फूल कुमारी दास (30 वर्ष), उनके बेटे हृदय दास (7 वर्ष), सोन दास (5 वर्ष) और बेटी संध्या दास (6 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दालकोला क्षेत्र का रहने वाला था और दरभंगा में एक पोल्ट्री फार्म में रहकर काम करता था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आज सुबह किसी घरेलू विवाद को लेकर पति संदीप दास और उसकी पत्नी के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद संदीप दास ने परिवार पर हमला कर दिया। घटना में पत्नी और बच्चों की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। गंभीर रूप से घायल एक बच्चे को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया। उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी हुई है।
