DTN पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, राजस्व वादों के निस्तारण, आपदा प्रबंधन, विकास कार्यों और जन शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान पुलिस विभाग से संबंधित अपराध पंजीकरण और विवेचनाओं के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए “हमारा संकल्प भयमुक्त समाज” कार्यक्रम के तहत नागरिक सुरक्षा को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
न्यायालयी और राजस्व वादों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारियों और जिला शासकीय अधिवक्ताओं के स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अदालती प्रक्रियाओं में तेजी लाकर आम जनता को समयबद्ध न्याय दिलाने के निर्देश दिए।
राजस्व वसूली को लेकर जिलाधिकारी ने 10 हजार रुपये से अधिक के बकायेदारों से वसूली अभियान तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही आरसी मामलों और संग्रह अमीनों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि सरकारी राजस्व वसूली में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आगामी मानसून को देखते हुए जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन, विस्थापन और पुनर्वास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। धारचूला, मुनस्यारी और बंगापानी क्षेत्र के आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा।
बैठक में भूमि हस्तांतरण प्रस्तावों, निर्माणाधीन राजस्व भवनों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त प्रमाण पत्रों और जन शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, समस्त उपजिलाधिकारी, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
