लोहाघाट में प्रशासन का बुलडोजर चला, सरकारी भूमि से हटाया गया अवैध अतिक्रमण

डाक बंगला रोड और सिद्धेश्वर बारात घर के पास कार्रवाई, सड़क व पैदल मार्ग से हटाए गए अवैध निर्माण

DTN लोहाघाट (चम्पावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘अतिक्रमण मुक्त उत्तराखंड’ अभियान के तहत आज लोहाघाट तहसील क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश और उपजिलाधिकारी नीतू डांगर के मार्गदर्शन में प्रशासनिक टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कई स्थानों से अवैध निर्माण हटाए।

कार्रवाई के दौरान लोहाघाट के डाक बंगला रोड पर किए गए अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा सिद्धेश्वर बारात घर के नीचे सरकारी भूमि पर किए गए पक्के और कच्चे अतिक्रमण को भी जेसीबी मशीनों की मदद से हटाया गया। प्रशासन ने सड़क और पैदल मार्ग को संकरा करने वाले सभी अवैध ढांचों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक रास्तों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि हटाए गए स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण न करें। यदि दोबारा अवैध कब्जा किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा।

अभियान के दौरान तहसीलदार लोहाघाट मोइन मलिक, नगर पालिका परिषद लोहाघाट के अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, नगर पालिका तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।