एक जून से गुलजार होगी भारत-चीन सीमा, व्यापार शुरू करने की तैयारी तेज

DTN पिथौरागढ़। आगामी एक जून से प्रस्तावित भारत-चीन अंतर्राष्ट्रीय सीमा व्यापार को सुचारु रूप से संचालित करने को लेकर जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीमा व्यापार से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मोटर मार्ग और पैदल मार्गों की स्थिति, गुंजी में अस्थायी ट्रेड कार्यालय की स्थापना, सुरक्षा व्यवस्था, संचार सुविधा, परिवहन, चिकित्सा सेवाओं और व्यापारियों के लिए मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सीमा व्यापार शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि व्यापारियों और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

गुंजी स्थित भारतीय स्टेट बैंक में बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने, कस्टम चौकी और आवश्यक कार्मिकों की तैनाती, व्यापारियों के लिए शौचालय व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस और आईटीबीपी के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि उत्तराखंड अंतर्राष्ट्रीय व्यापार एवं पर्यटन कार्यालय, धारचूला-गुंजी के लिए अस्थायी व्यापार कार्यालय और कस्टम कार्यालय स्थापित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। नियमित नियुक्तियों के लिए भी शासन स्तर पर कार्रवाई प्रस्तावित है।

उन्होंने बताया कि बॉर्डर ट्रेड पास के लिए विदेश मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। बजट आवंटन के लिए भी शासन को पत्र भेजा गया है। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी को व्यापारियों से आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारत-चीन सीमा व्यापार सीमांत क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था, रोजगार और पारंपरिक व्यापारिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने और सभी व्यवस्थाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष सिंह नबियाल, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।