शादी के बाद व्हाट्सऐप चैट से खुला राज, पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ दर्ज किया मामला
DTN ग्वालियर / जबलपुर। मध्य प्रदेश में शादी के नाम पर कथित ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जबलपुर निवासी एक युवक जिस महिला को शादी कर अपने घर लाया, वह पहले से शादीशुदा निकली। मामला तब और चौंकाने वाला बन गया, जब शादी में दुल्हन का चचेरा भाई बनकर शामिल हुआ व्यक्ति उसका असली पति बताया गया।
पीड़ित युवक की शिकायत पर ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र में महिला, उसके कथित पति और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार जबलपुर निवासी 35 वर्षीय युवक की शादी तय कराने के लिए कुछ लोगों ने ग्वालियर निवासी एक युवती का रिश्ता बताया। शादी के लिए लड़की पक्ष ने आर्थिक परेशानी का हवाला दिया, जिसके बाद विवाह की तैयारियां आगे बढ़ीं। बताया गया कि शादी और जेवरात समेत पूरे आयोजन में युवक के परिवार ने लाखों रुपये खर्च किए।
आरोप है कि शादी के दौरान युवती के कथित पहले पति ने खुद को उसका चचेरा भाई बताकर शादी की रस्मों में हिस्सा लिया। परिवार के अन्य लोग भी रिश्तेदार बनकर शादी समारोह में शामिल हुए।
शादी के बाद युवक को पत्नी के व्यवहार पर शक हुआ। आरोप है कि मोबाइल फोन की चैट देखने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। चैट और अन्य कथित साक्ष्य मिलने के बाद युवक ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

