DTN बागेश्वर। जनपद की नवनियुक्त जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने आज बागेश्वर पहुंचकर विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने प्रसिद्ध बागनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, उन्नति एवं खुशहाली की कामना की।

इसके बाद वह कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचीं, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। तत्पश्चात उन्होंने बागेश्वर जिलाधिकारी का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने अधिकारियों से जनपद में संचालित विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की प्रारंभिक जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाई जाए और आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
