DTN पिथौरागढ़। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की राज्य सिविल सेवा परीक्षा में सीमांत जनपद के बमनगांव (क्विटी) निवासी अमित द्विवेदी ने परीक्षा उत्तीर्ण कर उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के पद पर सफलता प्राप्त की है। अमित की इस शानदार उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है और उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
अमित द्विवेदी के पिता हरीश चंद्र द्विवेदी ने पुत्र की इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए इसे उसकी कड़ी मेहनत और लगन का प्रतिफल बताया। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर प्रशासनिक सेवा में चयन होने पर समूचे क्षेत्र के लोग खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
अमित की इस ऐतिहासिक सफलता पर बमनगांव क्विटी की ग्राम प्रधान शांति द्विवेदी एवं पूर्व प्रधान ओम प्रकाश द्विवेदी सहित क्षेत्र की समस्त जनता, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सभी ने अमित के आवास पर पहुंचकर परिजनों को मिठाई खिलाई और उनके उज्ज्वल व यशस्वी भविष्य की कामना करते हुए सपरिवार बधाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि अमित की इस सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने और कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी।

