‘मेरी योजना’ अब सुनेगा उत्तराखंड, मुख्यमंत्री धामी ने किया ऑडियो संस्करण का लोकार्पण

DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज  सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो क्लिप का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं को एक ही मंच पर संकलित करने वाली यह पुस्तक आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। ऑडियो संस्करण के माध्यम से योजनाओं की जानकारी अधिक लोगों तक आसानी से पहुंच सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक में केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं के साथ स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं सहज भाषा में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभाग निरंतर नवाचार करें तथा शासनादेशों को भी आमजन की समझ के अनुरूप सरल भाषा में जारी किया जाए। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और सहयोग से उत्तराखंड में सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने में भी केंद्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की कार्यशैली के चलते प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और प्रति व्यक्ति आय में निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली, मिशन एप्पल सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रही है। कार्यक्रम में सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन दीपक कुमार ने बताया कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक का ऑडियो संस्करण आकाशवाणी समेत विभिन्न रेडियो स्टेशनों पर प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग अब तक पुस्तक के चार संस्करण प्रकाशित कर चुका है तथा इसका डिजिटल संस्करण भी जारी किया जा चुका है। कार्यक्रम में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी भी उपस्थित रहे।