DTN पिथौरागढ़/ धारचूला। सीमांत क्षेत्र धारचूला के ग्राम स्तरीय उद्यमी एवं कुमाऊँ विश्वविद्यालय सभा के सदस्य हरीश धामी को पंचायती राज आधारित सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान के लिए क्षेत्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आयोजित क्षेत्रीय कार्यशाला के दौरान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री जाविद अहमद दार तथा भारत सरकार के पंचायती राज सचिव विवेक भारद्वाज ने हरीश धामी को सम्मानित किया। कार्यशाला में देश के आठ राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
पंचायती राज मंत्रालय तथा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) एसपीवी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस क्षेत्रीय कार्यशाला का विषय ‘सेवा से समृद्धि : पंचायत आधारित सेवा वितरण’ रहा। कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत आधारित डिजिटल सेवा वितरण व्यवस्था को मजबूत बनाना तथा अंतिम छोर तक नागरिक सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में पंचायतों के माध्यम से डिजिटल सेवाओं के विस्तार, सुशासन को बढ़ावा देने और ग्रामीण नागरिकों को अधिक से अधिक सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई। हरीश धामी को मिला यह सम्मान सीमांत क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
