DTN पिथौरागढ़। सामाजिक दायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 130 इन्फेंट्री बटालियन की मिलन कंपनी के जवानों ने जूनियर हाई स्कूल शिल के विद्यार्थियों की समस्या का समाधान करते हुए नाले पर अस्थायी पैदल पुलिया का निर्माण किया। इस पहल से बरसात के दौरान जान जोखिम में डालकर स्कूल पहुंचने को मजबूर बच्चों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य के अनुरोध पर मिलन कंपनी के जवान मौके पर पहुंचे और श्रमदान कर लकड़ी के लट्ठों व तख्तों से मजबूत अस्थायी पैदल पुलिया तैयार की। इससे पहले स्कूली बच्चों को प्रतिदिन नाले को पैदल पार कर विद्यालय जाना पड़ता था। बारिश के मौसम में नाले का जलस्तर बढ़ने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी, जिससे अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल रहता था।
पुलिया निर्माण के दौरान मिलन कंपनी के सभी जवानों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ कार्य किया। अभियान का नेतृत्व कंपनी सूबेदार सुंदर सिंह, कंपनी सूबेदार सुरेश पाठक तथा कंपनी हवलदार मेजर केशव प्रसाद ने किया।
ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने सेना के इस मानवीय एवं जनहितकारी कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ सेना और आम जनता के बीच मजबूत विश्वास का भी प्रतीक है।
