पीपलकोटी टनल हादसा: राहत-बचाव कार्यों की मंत्री मदन कौशिक ने की समीक्षा

DTN देहरादून। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने आज राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर चमोली के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल में हुई घटना के बाद संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने टनल में लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे सर्च एवं रेस्क्यू अभियान, घायलों के उपचार और घटनास्थल पर संचालित अन्य राहत कार्यों की जानकारी ली।

अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन प्रकाश चंद्र और अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआइजी राजकुमार नेगी ने मंत्री को राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। मंत्री ने मृतकों के शवों को पूरे सम्मान के साथ उनके गृह क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मदन कौशिक ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावितों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर चुके हैं और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना है।

मंत्री ने आने वाले दिनों के मौसम पूर्वानुमान की भी जानकारी ली और संभावित मौसम को देखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न नदियों के जलस्तर की जानकारी लेते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा।