रेस्टोरेंट में चल रहा था शराब का खेल, 23 पेटी अवैध शराब के साथ महिला पकड़ी

DTN धारचूला। निगालपानी स्थित एक रेस्टोरेंट में अवैध शराब का कारोबार चलने की सूचना पर धारचूला पुलिस ने छापा मारकर बड़ी मात्रा में शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से 10 पेटी बीयर और 13 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की कीमत करीब 1.55 लाख रुपये बताई गई है।

प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने निगालपानी स्थित रेस्टोरेंट में चेकिंग की। तलाशी के दौरान पुलिस को मंजू (उम्र 32) निवासी आरा मशीन, वार्ड धारचूला, हाल निवासी गलाती के कब्जे से शराब की पेटियां मिलीं। गिनती करने पर 10 पेटी बीयर और 13 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल अनुमानित कीमत 1,55,000 रुपये है। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई में उपनिरीक्षक जितेंद्र सोराड़ी, आरक्षी संतोष कुमार और आरक्षी भावेश तिवारी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि सीमांत क्षेत्र में अवैध शराब और नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।