DTN चमोली। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति और पात्र परिवारों के चयन को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत हुए सर्वेक्षण, पात्रता सूची और छूटे हुए पात्र परिवारों के सत्यापन की विस्तृत समीक्षा की गई।

परियोजना निदेशक आनंद सिंह ने बताया कि जिले के सभी नौ विकासखंडों पोखरी, जोशीमठ, दशोली, नंदानगर, कर्णप्रयाग, नारायणबगड़, थराली, देवाल और गैरसैंण की कुल 609 ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत परिवारों का सर्वेक्षण किया गया। सर्वेक्षण में कुल 14,618 परिवारों को शामिल किया गया। इनमें पीडब्ल्यूएल पात्रता सूची के आधार पर 11,492 परिवार पात्र पाए गए, जबकि 3,126 परिवार अपात्र मिले।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के लाभ से कोई भी पात्र परिवार वंचित न रहे। पात्रता से संबंधित सभी मामलों का नियमानुसार गंभीरता से सत्यापन करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने परियोजना निदेशक को वन भूमि में निवासरत परिवारों की पात्रता और योजना के लाभ को लेकर स्थिति स्पष्ट करने तथा आवश्यकतानुसार शासन से मार्गदर्शन प्राप्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद सभी ब्लॉक प्रमुखों से एक-एक कर उनके विकासखंड की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र परिवारों के चयन में आ रही समस्याओं और उनके सुझावों को भी सुना। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकासखंड में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र परिवार सर्वेक्षण अथवा सत्यापन प्रक्रिया से छूटने न पाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम प्रधानों की ओर से पात्र परिवारों से संबंधित प्राप्त पत्रों अथवा अन्य प्रकरणों को संबंधित खंड विकास अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाए। खंड विकास अधिकारी ऐसे सभी मामलों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्रता सूची को अद्यतन रखने और योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, सभी ब्लॉक प्रमुख, उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
