DTN चम्पावत। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत के तत्वावधान में आज जिला न्यायालय परिसर चम्पावत और बाह्य न्यायालय टनकपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में लंबित व प्री-लिटिगेशन से जुड़े कुल 111 मामलों का निस्तारण करते हुए 1,07,21,470 रुपये की धनराशि का समझौता कराया गया।

जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुज कुमार संगल की अध्यक्षता तथा सचिव भवदीप रावते के दिशा-निर्देशन में आयोजित लोक अदालत में जिला बार संघ चम्पावत और तहसील बार संघ टनकपुर के अधिवक्ताओं, नामित सदस्यों, पैनल अधिवक्ताओं, बैंक अधिकारियों समेत आमजन ने प्रतिभाग किया।
जिला न्यायालय चम्पावत में प्रथम पीठ की अध्यक्षता कर रहे सिविल जज सीनियर डिवीजन ने 48 लंबित मुकदमों का निस्तारण करते हुए 60,16,180 रुपये का समझौता कराया। इसके अलावा प्री-लिटिगेशन के तहत मनी रिकवरी से जुड़े 40 मामलों का निस्तारण कर 39,30,600 रुपये की धनराशि पर समझौता कराया गया।
वहीं, बाह्य न्यायालय टनकपुर में न्यायिक मजिस्ट्रेट की द्वितीय पीठ ने 19 लंबित मामलों का निस्तारण करते हुए 6,04,690 रुपये का सेटलमेंट कराया। प्री-लिटिगेशन के तहत मनी रिकवरी के चार मामलों का निस्तारण कर 1,70,000 रुपये की धनराशि का समझौता कराया गया।
इस तरह दोनों न्यायालयों में लंबित और प्री-लिटिगेशन के कुल 111 मामलों का निस्तारण हुआ। लोक अदालत के माध्यम से मामलों के त्वरित और आपसी सहमति से समाधान से वादकारियों को राहत मिली।
