DTN चंपावत। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज न्याय पंचायत बमनजौल के धूरा और जौल गांव में निर्माण श्रमिकों के लिए सामग्री वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत 551 निर्माण श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी सामग्री वितरित की गई।

श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा में सहयोग के लिए 895 शिक्षण किट, बेहतर पोषण के लिए 551 पोषण किट और स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 551 स्वच्छता किट वितरित की गईं। शिविर में श्रमिकों को बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र पंजीकृत निर्माण श्रमिक तक पहुंचाया जाए। उन्होंने दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित कर पात्र श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
