DTN चंपावत। सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर उपचार और आर्थिक राहत दिलाने की दिशा में चम्पावत जिले में प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना पीड़ितों की अस्पताल में भर्ती एवं उपचार योजना (पीएम राहत) के तहत पहली बार चार घायलों को कैशलेस और निशुल्क उपचार की सुविधा मिली है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में योजना का लाभ पीड़ितों तक पहुंचाया गया।

योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटना के बाद गोल्डन आवर यानी शुरुआती महत्वपूर्ण समय में घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाना है। इसके तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चिन्हित अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा दी जा रही है, जिससे घायलों को उपचार के दौरान आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू और उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने योजना का लाभ दुर्घटना पीड़ितों तक तत्परता से पहुंचाने पर जोर दिया।
योजना के तहत दुर्घटना और उपचार संबंधी जानकारी के समन्वय के लिए ई-डार पोर्टल का भी उपयोग किया जा रहा है। जिले में पहली बार चार दुर्घटना पीड़ितों को निशुल्क उपचार का लाभ मिलना सड़क सुरक्षा और संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
