पिथौरागढ़। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की पिथौरागढ़ शाखा की महत्वपूर्ण बैठक में 27 सूत्रीय लंबित मांगों के निराकरण न होने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। बैठक में चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए प्रदेश स्तर पर घोषित कार्यक्रम में पूर्ण सहभागिता का निर्णय लिया गया।

पदाधिकारियों ने कहा कि महासंघ द्वारा पूर्व में शासन-प्रशासन के समक्ष रखी गई मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे डिप्लोमा इंजीनियरों में असंतोष व्याप्त है। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
निर्णय लिया गया कि 2 से 10 फरवरी तक शाखा एवं जिला स्तर पर बैठकें आयोजित कर सदस्यों को आंदोलन की रणनीति से अवगत कराया जाएगा। इसके बाद 18 फरवरी को सभी मुख्यालयों पर एक दिवसीय धरना दिया जाएगा।
महासंघ ने स्पष्ट किया कि यदि इसके बावजूद मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो 23 फरवरी को देहरादून में विशाल रैली आयोजित कर आगे की रणनीति की घोषणा की जाएगी।
बैठक में जनपद सचिव विवेकानंद बगौली, शाखा अध्यक्ष मनीष पंत, शाखा सचिव मनोज उपाध्याय, दीपक कुमार, संजय वर्मा, दिनेश जोशी, गुंजन मंगला, हेम चंद्र, रविंद्र जोशी, महिपाल डोभाल, प्रकाश जोशी, विजय थायत सहित विभिन्न विभागों के डिप्लोमा इंजीनियर उपस्थित रहे।
