पुरानी यादों में खोए न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, पिथौरागढ़ में हुआ भव्य नागरिक अभिनंदन

पिथौरागढ़। देवभूमि की माटी और यहाँ के संस्कारों से निकलकर उच्च न्यायालय के शिखर तक का सफर तय करने वाले न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी का अपने गृह जनपद आगमन पर ऐतिहासिक स्वागत किया गया। शहर के बाल्मीकि पार्क में आयोजित भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह में नगर वासियों ने अपने प्रिय व्यक्तित्व का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार इस्तकबाल किया।
समारोह के दौरान न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी उस समय भावुक हो उठे जब उन्होंने अपने बचपन के दिनों और पिथौरागढ़ की गलियों में बिताए संघर्षपूर्ण व सुखद पलों को साझा किया। उन्होंने अपने पुराने सहपाठियों और परिचितों की ओर इशारा करते हुए कहा कि पद और प्रतिष्ठा अपनी जगह है, लेकिन जन्मभूमि का प्रेम और अपनों के बीच मिलने वाला सुकून अनमोल है। उन्होंने पुरानी यादों को ताजा करते हुए बताया कि किस तरह यहाँ के परिवेश ने उनके जीवन की नींव रखी। उनके संबोधन के दौरान बाल्मीकि पार्क में मौजूद हर व्यक्ति की आँखें नम हो गईं और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस गरिमामयी अभिनंदन समारोह में नगर की प्रथम नागरिक मेयर कल्पना देवलाल के साथ ही महेश मखोलिया, नवल रावल, तपन रावत, राकेश देवलाल, दिनेश जोशी, उमेश जोशी, नीटू ऐर, गोविन्द उपाध्याय, मुन्ना खर्कवाल, महेंद्र सेठी, पप्पू पाटनी, राकेश पुनेठा, पार्षद सुशील खत्री, डेरिक बोस्टन और नीरज कोठारी सहित जनपद के तमाम सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े लोग भारी संख्या में उपस्थित रहे।  कार्यक्रम का संचालन जुगल किशोर पाण्डेय द्वारा किया गया।