अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का किया निरीक्षण, एसएसबी और सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली की ली जानकारी

DTN धारचूला। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने आज धारचूला स्थित भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था और सीमा प्रबंधन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
गृह राज्य मंत्री सुबह करीब 11:30 बजे सेना हेलीपैड, धारचूला पहुंचे। यहां वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान आईजी अमित कुमार, उप महानिरीक्षक सुधांशु नौटियाल, पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ अक्षय कोंडे, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। आईटीबीपी के आईजी मनु महाराज भी उनके साथ मौजूद रहे।
दौरे के दौरान गृह राज्य मंत्री ने काली नदी पर स्थित भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के धारचूला झूला पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान 11वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल डीडीहाट के कमांडेंट डॉ. अतुल कुमार राय, उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी और सहायक कमांडेंट दीपक सापकले ने उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान सशस्त्र सीमा बल अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में सुरक्षा प्रबंधन, निगरानी व्यवस्था और सीमा सुरक्षा से संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही क्षेत्राधिकार और बॉर्डर इंटरैक्शन टीम की कार्यप्रणाली को लेकर भी विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।
इसके बाद गृह राज्य मंत्री ने बीओपी धारचूला पहुंचकर सीमा पर तैनात जवानों से संवाद किया। उन्होंने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में राष्ट्र सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बल देश की पहली सुरक्षा पंक्ति हैं और उनका समर्पण पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगान का आयोजन किया गया। गृह राज्य मंत्री ने बीओपी परिसर में चंदन का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
करीब 12:45 बजे गृह राज्य मंत्री हेलीपैड के लिए रवाना हो गए। उनका यह दौरा सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और जवानों का मनोबल बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
