निकाय चुनाव मतदान व मतगणना कार्मिकों का रेंडमाइजेशन पूरा, पारदर्शी चुनाव पर प्रशासन का जोर

DTN चंपावत। आगामी नगर निकाय सामान्य निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) चंपावत में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में मतदान कार्मिकों का द्वितीय रेंडमाइजेशन तथा मतगणना कार्मिकों का प्रथम रेंडमाइजेशन संपन्न कराया गया।

रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के तहत चुनाव ड्यूटी में तैनात किए जाने वाले पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों का चयन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि निकाय चुनाव की पूरी प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराया जाएगा, ताकि मतदाताओं का विश्वास और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की गरिमा बनी रहे।

द्वितीय रेंडमाइजेशन के माध्यम से कुल छह पीठासीन अधिकारियों और छह प्रथम मतदान अधिकारियों को शामिल करते हुए पोलिंग पार्टियों का गठन किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया में विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की मानवीय अथवा तकनीकी त्रुटि की संभावना को समाप्त किया जाए।

वहीं, मतगणना कार्य के लिए प्रथम रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई। इसके तहत कुल 25 कार्मिकों का चयन किया गया है, जिनमें 20 कार्मिक सक्रिय ड्यूटी पर रहेंगे जबकि पांच को रिजर्व श्रेणी में रखा जाएगा। मतगणना के लिए चार टेबल बनाई जाएंगी और प्रत्येक टेबल पर पांच कार्मिक तैनात किए जाएंगे। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना सुपरवाइजर और चार काउंटिंग असिस्टेंट कार्य करेंगे।

कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित इस प्रक्रिया के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ध्रुव रावत, अतिरिक्त जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अमित बूरा तथा नवीन उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।