विश्व पर्यावरण सप्ताह पर 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) इकोलॉजिकल कुमाऊँ की पहल, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
DTN पिथौरागढ़। विश्व पर्यावरण सप्ताह के तहत 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) इकोलॉजिकल कुमाऊँ द्वारा चंडाक हिल्स क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में नगर निगम की मेयर कल्पना देवलाल, एनसीसी कैडेट्स, विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों, स्थानीय नागरिकों एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी की।
चंडाक हिल्स नगर का प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां पिछले कुछ समय से बढ़ते कूड़ा-करकट और प्लास्टिक अपशिष्ट के कारण स्वच्छता एवं पर्यावरण संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही थीं। क्षेत्र में फैले कचरे से प्राकृतिक सौंदर्य प्रभावित होने के साथ दुर्गंध और प्रदूषण की समस्या भी बढ़ रही थी। इसे देखते हुए बटालियन ने स्वच्छता अभियान का आयोजन किया।
अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में प्लास्टिक एवं अन्य गैर-जैविक अपशिष्ट एकत्रित कर उनका उचित निस्तारण किया गया। साथ ही स्थानीय लोगों, युवाओं और पर्यटकों को हिमालयी पारिस्थितिकी के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
बटालियन के अधिकारियों ने बताया कि 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) इकोलॉजिकल कुमाऊँ वर्षों से हिमालयी क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जन-जागरूकता और पर्यावरण पुनर्जीवन संबंधी गतिविधियां संचालित कर रही है।
अभियान के समापन पर बटालियन ने नगर निगम, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे अभियानों में सहभागिता बनाए रखने की अपील की।

