युवा संवाद कार्यक्रम में बोले धामी – 33 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, स्वरोजगार को मिल रहा बढ़ावा

DTN रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज रुड़की में आयोजित “युवा संवाद कार्यक्रम” में प्रदेश के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड का युवा प्रदेश और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, नवाचार तथा प्रतिभा विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि विकसित भारत का सबसे सशक्त स्तंभ माना गया है। इसी सोच के अनुरूप शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल की गई हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसा उत्तराखण्ड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार की तलाश में पलायन न करना पड़े, बल्कि उन्हें अपने ही प्रदेश में रोजगार, उद्यम और नवाचार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना तथा ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसे प्रयासों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और युवाओं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक पहचान मिल रही है। वहीं स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति, होम-स्टे, वेड इन उत्तराखण्ड और सौर स्वरोजगार जैसी योजनाएं भी रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्रभावी नीतियों के चलते उत्तराखण्ड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लागू देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 20 मॉडल कॉलेजों की स्थापना, महिला छात्रावास, आधुनिक आईटी लैब, परीक्षा भवनों का निर्माण तथा उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही पिछले साढ़े चार वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जिससे रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा हुए हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए उनके प्रश्नों के सरल और स्पष्ट उत्तर दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्टार्टअप को प्रोत्साहन, वित्तीय सहायता तथा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के प्रभावी संचालन के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के आयोजक गौरव कौशिक ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, महापौर अनीता अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।