130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इकोलॉजिकल कुमाऊँ का चंडाक और बुंगाचीना में विशेष अभियान, ग्रामीणों व विद्यार्थियों ने भी निभाई भागीदारी

DTN पिथौरागढ़। हरेला सप्ताह के तहत पर्यावरण संरक्षण और हरित हिमालय के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इकोलॉजिकल कुमाऊँ ने आज चंडाक के निकट गुनसेरा गांव तथा बुंगाचीना के अगनिया गांव में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया। अभियान के दौरान दोनों स्थानों पर कुल 20 हजार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में बटालियन के अधिकारियों एवं सैनिकों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधारोपण किया और हरित भविष्य के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाई।
बटालियन अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान हरेला सप्ताह के अंतर्गत संचालित व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का हिस्सा है। सप्ताह भर में कुल 70 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान का उद्देश्य हिमालयी क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाना, मृदा संरक्षण को बढ़ावा देना, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना तथा जनभागीदारी के माध्यम से प्रकृति संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
इस अवसर पर बटालियन ने स्थानीय नागरिकों, विद्यालयों और सहयोगी संस्थाओं के सक्रिय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की साझा जिम्मेदारी है और लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है।
बटालियन के अनुसार हरेला सप्ताह के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा। 16 जुलाई को हरेला पर्व के अवसर पर अभियान का भव्य समापन किया जाएगा।
