नवरात्र में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, पांच नमूने जांच को भेजे

टनकपुर में कुट्टू का आटा नहीं मिला, कुट्टू गिरी, सेंधा नमक, पोहा और तेल के नमूने लिए

DTN टनकपुर। नवरात्र के दौरान व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने टनकपुर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर व्रत की सामग्री के भंडारण और बिक्री व्यवस्था की जांच की गई। टीम ने गुणवत्ता की जांच के लिए पांच नमूने लेकर राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे हैं।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड और जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान में कुट्टू का आटा, कुट्टू गिरी, सेंधा नमक सहित व्रत में इस्तेमाल होने वाली अन्य खाद्य सामग्री की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान में कुट्टू का आटा बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं मिला। वहीं, कुट्टू गिरी, सेंधा नमक, पोहा और तेल के कुल पांच नमूने संग्रहित किए गए हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सीलबंद पैकेट में ही बेचें कुट्टू का आटा

खाद्य सुरक्षा विभाग ने टनकपुर और बनबसा के किराना व्यापारियों व खाद्य कारोबारियों के लिए एडवायजरी जारी की है। इसमें नवरात्र के दौरान कुट्टू का आटा केवल सीलबंद पैकेट में बेचने के निर्देश दिए गए हैं। पैकेट पर निर्माण एवं उपयोग की तिथि, निर्माता या पैकर का पूरा पता और एफएसएसएआई लाइसेंस अथवा पंजीकरण संख्या अंकित होना अनिवार्य है।

कारोबारियों को व्रत की सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने, खरीद-बिक्री पर पक्के बिल जारी करने तथा एक्सपायरी खाद्य सामग्री बिक्री के लिए नहीं रखने की हिदायत दी गई है। खुली खाद्य सामग्री को ढककर रखने और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे। अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी और सहायक दिनेश फर्त्याल शामिल रहे।