DTN पिथौरागढ़। कैलाश मानसरोवर यात्रा के तहत आज दूसरे दल के 47 श्रद्धालुओं का जनपद पिथौरागढ़ पहुंचने पर जिला प्रशासन ने पारंपरिक एवं आत्मीय स्वागत किया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने सभी यात्रियों का अभिनंदन करते हुए उनकी सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना की।

दूसरे दल में 34 पुरुष और 13 महिला श्रद्धालु देश के विभिन्न राज्यों से शामिल हैं।
यात्रा दल के लायजन ऑफिसर ने कहा कि 47 श्रद्धालुओं के इस दल का हिस्सा बनना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार और कुमाऊँ मंडल विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में यात्रा का सफल संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुंजी पहुंचने के बाद उच्च हिमालयी क्षेत्र की वास्तविक एवं चुनौतीपूर्ण यात्रा शुरू होगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा पिथौरागढ़ की गौरवशाली धार्मिक परंपरा है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सहज और सुखद यात्रा का अनुभव मिले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराई जाएं।
यात्रियों के लिए आवास, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य परीक्षण, एंबुलेंस, चिकित्सा सहायता, विद्युत, स्वच्छता और परिवहन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रा के सफल संचालन में केएमवीएन, आईटीबीपी, एसएसबी, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, विद्युत और जल संस्थान सहित विभिन्न विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद यह दल गुंजी के लिए रवाना होगा।
