DTN पिथौरागढ़। नाबालिग से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने के मामले में फरार चल रहे आरोपित को पिथौरागढ़ पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।

कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्र में नाबालिग के साथ शारीरिक शोषण किए जाने के संबंध में तहरीर मिलने पर पुलिस ने क्यूटी, थाना नाचनी निवासी रमेश सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पोक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपित लगातार फरार चल रहा था।
आरोपित की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सुरागरसी-पतारसी के साथ तकनीकी और मैनुअल इनपुट जुटाए। सर्विलांस सेल की मदद से आरोपित की लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे ग्राम थियून, थाना नालागढ़, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक भुवन आर्या, हेड कांस्टेबल संजीव कुमार, कांस्टेबल शेर सिंह और सर्विलांस सेल के कांस्टेबल हेम चन्द्र सिंह शामिल रहे।
