पिथौरागढ़। सीमावर्ती क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने कमांडेंट आशीष कुमार के कुशल निर्देशन में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत 10 दिवसीय महिला सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया है।
उप कमांडेंट अजय कुमार की उपस्थिति में सीमा चौकी जमतड़ी के वाइब्रेंट गाँव जमतड़ी में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ना है। जन शिक्षण संस्थान, पिथौरागढ़ के सहयोग से 25 महिलाएँ इस प्रशिक्षण में भाग ले रही हैं, जहाँ उन्हें सिलाई, डिज़ाइनिंग और बाज़ार से जुड़ाव की आधुनिक तकनीकें सिखाई जाएँगी।
उद्घाटन अवसर पर उप कमांडेंट अजय कुमार ने कहा कि यह पहल महिलाओं के आत्मसम्मान और आजीविका का सशक्त माध्यम बनेगी। इसके साथ ही, कुई गाँव के सामुदायिक भवन के लिए सोलर लाइट का वितरण भी किया गया।

