पिथौरागढ़। उत्तराखंड ताइक्वांडो एवं पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में जनपद में कलर बेल्ट परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 100 खिलाड़ी छात्रों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

परीक्षा में 75 खिलाड़ियों ने येलो बेल्ट, 20 खिलाड़ियों ने ग्रीन बेल्ट तथा 5 खिलाड़ियों ने रेड व रेड-ब्लैक बेल्ट की परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की। खिलाड़ियों ने तकनीकी दक्षता, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन कर उपस्थित पदाधिकारियों की सराहना प्राप्त की।
बेल्ट परीक्षा में सफल खिलाड़ियों को एसोसिएशन के महासचिव रविशंकर सिंह फर्स्वाण, अध्यक्ष महेन्द्र सिंह, समन्वयक प्रदीप कुमार जोशी, जिला प्रभारी नवीन लुंठी, महेन्द्र लुंठी, दीपक लुंठी, कमलेश कुमार, कमलेश मखौलिया और सुरेश सिंह सहित अन्य खेल प्रेमियों ने बधाई दी।
एसोसिएशन के सदस्य प्रदीप कुमार जोशी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है और जिले में ताइक्वांडो खेल को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी नियमित रूप से इस तरह की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता रहे।
