गोरखपुर में खूनी खेल: प्रेमिका की हत्या कर भाग रहे सनकी प्रेमी को पुलिस ने मुठभेड़ में किया पस्त

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है जहां एक सिरफिरे प्रेमी ने अपनी ही प्रेमिका की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। यह पूरी घटना शुक्रवार की रात एम्स थाना क्षेत्र के छावनी रेलवे स्टेशन के पास अंजाम दी गई, जहाँ महराजगंज की रहने वाली 42 वर्षीय बर्फी देवी का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की तीन टीमें आरोपी की तलाश में जुट गईं।
पुलिस को सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की मदद से पता चला कि हत्यारा शहर छोड़कर भागने की फिराक में है। आज तड़के जब पुलिस ने सहजनवा इलाके के पास घेराबंदी की, तो आरोपी प्रदीप ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी और वह वहीं ढेर हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर जिला अस्पताल पहुंचाया।
शुरुआती पूछताछ में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ कि आरोपी और मृतका के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से किसी तीसरे व्यक्ति की एंट्री को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। इसी शक और गुस्से में आकर प्रदीप ने महिला को रास्ते से हटाने का फैसला किया और मौका पाकर उसके पेट पर चाकू से कई वार कर दिए। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू और एक तमंचा बरामद कर लिया है और उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।