नेटवर्क बाधित होने से जनता, विद्यार्थियों और सरकारी कार्यों पर पड़ रहा असर, तय समय में सुधार नहीं होने पर होगी कार्रवाई

DTN पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में दूरसंचार सेवाओं में आ रही समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने बीएसएनएल के अधिकारियों को जनपद में नेटवर्क व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दूरसंचार नेटवर्क बाधित होने से आम जनता, विद्यार्थियों, व्यापारियों और विभिन्न सरकारी सेवाओं के संचालन में परेशानी हो रही है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
जिलाधिकारी ने भारत संचार निगम लिमिटेड को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि एक सप्ताह के भीतर नेटवर्क व्यवस्था में प्रभावी सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नेटवर्क से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि लोगों को बेहतर दूरसंचार सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समयावधि के भीतर स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने विभाग को नेटवर्क कवरेज बढ़ाने, कॉल ड्रॉप की समस्या कम करने और इंटरनेट सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए तत्काल कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
