DTN चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की आदर्श चम्पावत की परिकल्पना को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आज जनपद मुख्यालय में निर्माणाधीन विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई परियोजनाओं में कार्यों की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाई।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन सर्किट हाउस तथा अत्याधुनिक साइंस सेंटर परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत प्रस्तावित ऑडीटोरियम के लिए चिन्हित स्थल का भी निरीक्षण किया और आवश्यक अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए।
साइंस सेंटर परिसर में प्रस्तावित फन साइंस गैलरी, विज्ञान एवं कृषि गैलरी, एस्ट्रोनॉमी गैलरी, प्रशिक्षण हॉल, दो मंजिला साइंस गैलरी ब्लॉक तथा चार मंजिला साइंस कैंप फैसिलिटी सहित विभिन्न संरचनाओं के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पाया कि कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहे हैं। इस पर उन्होंने गहरा असंतोष व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एम.सी. पलड़िया से निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि परियोजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण स्थल पर उपलब्ध संसाधनों और श्रमिकों की संख्या की भी जानकारी ली।
उन्होंने उपजिलाधिकारी चम्पावत को निर्देश दिए कि पटवारी और कानूनगो के माध्यम से निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा प्रगति की सतत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। साथ ही कार्यदायी संस्था को पर्याप्त श्रमिकों की तैनाती, निर्माण सामग्री की समय पर उपलब्धता तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि में परियोजनाओं की प्रगति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता, सुरक्षा और तकनीकी मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि साइंस सेंटर निर्धारित समय पर विद्यार्थियों, शोधार्थियों और विज्ञान प्रेमियों के लिए उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी बी.सी. पंत, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एम.सी. पलड़िया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
