कल चंपावत आएंगे मुख्यमंत्री धामी, एमआरआई सेंटर का करेंगे लोकार्पण, कई विकास योजनाओं की देंगे सौगात

DTN चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कल (सोमवार 29 जून) को एक दिवसीय दौरे पर चंपावत पहुंचेंगे। इस दौरान वह स्वास्थ्य और आधारभूत विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और भूमि पूजन करेंगे। जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह 9:15 बजे एसएसबी हेलीपैड, चंपावत पहुंचेगा। इसके बाद वह सुबह 9:30 बजे एमआरआई सेंटर पहुंचकर नवनिर्मित एमआरआई मशीन का लोकार्पण करेंगे तथा आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री सुबह 10:15 बजे एमआरआई सेंटर से बस अड्डा चंपावत पहुंचेंगे। यहां आयोजित कार्यक्रम में वह जनपद की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। साथ ही सिटी सेंटर का भूमि पूजन तथा कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन भी करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे बस अड्डा चंपावत से एसएसबी हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। इसके बाद सुबह 11:40 बजे वह हेलीकॉप्टर से अपने अगले गंतव्य के लिए प्रस्थान करेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली हैं। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।