DTN पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रातः टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के प्रथम दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अपराह्न में 49 श्रद्धालुओं का पहला दल पिथौरागढ़ स्थित कुमाऊँ मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के पर्यटक आवास गृह पहुंचा, जहां जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने उनका स्वागत किया। केएमवीएन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों का पारंपरिक रीति-रिवाज से तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया।

जिलाधिकारी ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समुचित इंतजाम किए गए हैं।
प्रथम दल में कुल 49 यात्री शामिल हैं। इनमें 68 वर्षीय पुरुषोत्तम खंडेलवाल सबसे अधिक आयु के, जबकि 21 वर्षीय हरिकृष्ण चावड़ा सबसे कम आयु के यात्री हैं।
पिथौरागढ़ प्रवास के दौरान यात्रियों ने उत्तराखंड सरकार के हाउस ऑफ हिमालयाज स्टॉल का अवलोकन किया और स्थानीय उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई। वाइल्ड फॉरेस्ट हनी, पहाड़ी टोपी, मुनस्यारी राजमा, काला भट्ट तथा हर्बल टी की सबसे अधिक खरीदारी हुई। यात्रियों ने उत्पादों की गुणवत्ता और स्थानीय पहचान की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण उद्यमिता और “वोकल फॉर लोकल” अभियान को बढ़ावा देने वाली पहल बताया।
श्रद्धालुओं ने कहा कि यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर मिल रहे आत्मीय स्वागत से उनका उत्साह और बढ़ गया है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की भी प्रशंसा की।
जिला प्रशासन एवं केएमवीएन की ओर से यात्रियों के लिए भोजन और विश्राम की व्यवस्था की गई। इसके बाद पहला दल धारचूला के लिए रवाना हो गया, जहां रात्रि विश्राम करेगा। सोमवार को सभी यात्री गुंजी के लिए प्रस्थान करेंगे। जिला प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं।
