बाल विकास मंत्री के खिलाफ नारेबाजी, एक सप्ताह में वार्ता नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

DTN पिथौरागढ़। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आज कलेक्ट्रेट स्थित रामलीला मैदान में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार तक का निर्णय लेने की बात कही।
प्रदेश अध्यक्ष दीपा पांडे के नेतृत्व में आयोजित धरने में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल हुईं। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार और बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर लगातार अतिरिक्त कार्यों का बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर (SIR) सहित अन्य विभागीय कार्यों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन कराना उचित नहीं है।
दीपा पांडे ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का लगातार उत्पीड़न हो रहा है। सरकार और मंत्री द्वारा समय-समय पर की जाने वाली घोषणाएं धरातल पर लागू नहीं हो रही हैं। उन्होंने मानदेय में सुधार, ऑनलाइन कार्यों में आने वाली समस्याओं का समाधान, केंद्र संचालन के लिए पर्याप्त व्यवस्था, बालभोग का समय पर वितरण, खराब गुणवत्ता वाले सैनिटरी पैड की जबरन बिक्री पर रोक तथा अतिरिक्त विभागीय कार्यों से राहत की मांग उठाई।
धरना समाप्त होने के बाद आयोजित बैठक में संगठन ने प्रदेश सरकार को एक सप्ताह का समय दिया। चेतावनी दी गई कि यदि इस अवधि में संगठन के साथ वार्ता कर मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। संगठन ने कहा कि जरूरत पड़ने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने परिवारों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार भी करेंगे।
धरना-प्रदर्शन में नीमा खत्री, मीना बिष्ट, गीता पुनेड़ा, मीनाक्षी, नीमा भट्ट, हेमा, सीमा वल्दिया, भगवती, माया मेहता, मंजू भट्ट, आशा ओझा, दीपा पाटनी, पूनम, गीता, शशि, रेखा, कविता कोहली, इन्द्रा, लीला सहित सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
