जनता मिलन में 200 से अधिक शिकायतें, 11 पात्रों के मौके पर बने आयुष्मान कार्ड

DTN चम्पावत। जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। कार्यक्रम में 200 से अधिक आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन में रोजगार, किसान सम्मान निधि, सड़क, विद्युत, पेयजल, भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, सुरक्षा दीवार, चैनलिंक फेंसिंग, सोलर स्ट्रीट लाइट और पूर्ति विभाग से संबंधित मामले प्रमुखता से उठे। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन प्रकरणों का मौके पर निस्तारण संभव नहीं है, उनमें निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम के दौरान 11 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

कान की मशीन और स्कूल फीस का मामला भी उठा

ग्राम लिस्ता निवासी उमेद सिंह ने कान की मशीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम दयूरी के पान सिंह बोहरा ने दिव्यांग बच्चे की स्कूल फीस माफ करने का अनुरोध किया, जिस पर मुख्य शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत टुनकांडे के संजय पाण्डेय, किमतोली के मोहित चंद्र पाण्डेय और मौराड़ी के चूड़ामणि जोशी ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए चैनलिंक फेंसिंग की मांग रखी। जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं बाजरीकोट के नाथ सिंह भंडारी, मुड़ियानी-किस्कोट के बलदेव और बंदेलाढेक के सुंदर सिंह ढेक ने सोलर लाइट लगाए जाने की मांग की।

माथियाबांज तोक के ग्रामीणों ने हैंडपंप की मांग रखी, जिस पर अधिशासी अभियंता जल संस्थान को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। गुडमांगल, गुरेली, डूंगरालेटी, मडलक पाण्डेय और बगोटी के ग्रामीणों ने उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में महिलाओं के अल्ट्रासाउंड के लिए निर्धारित दिन और समय तय करने की मांग की। जिलाधिकारी ने एसीएमओ डॉ. बलवीर सिंह को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सामाजिक कार्यकर्ता दरबान सिंह रजवार ने चम्पावत मोनाल फार्मर कंपनी लिमिटेड से संबंधित वित्तीय अनियमितता का मामला उठाया। जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी अधिकारी जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लें। समस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती, परियोजना निदेशक अजय सिंह, उपजिलाधिकारी चंपावत बीसी पंत, एपीडी विमी जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।