रक्षाबंधन से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, छह किलो बासी मिठाई नष्ट

DTN पिथौरागढ़। रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने आज नगर के विभिन्न बाजारों में मिठाई, रेस्टोरेंट एवं किराना प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर उप जिलाधिकारी सदर जितेन्द्र वर्मा एवं सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा आरके शर्मा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए गुलाब जामुन, सोन पापड़ी, मिल्क केक और मैदा के चार नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला, देहरादून भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान प्रतिष्ठानों में जांच के दौरान छह किलोग्राम बासी मिठाई पाई गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बासी मिठाई को मौके पर ही नष्ट कराया और संबंधित खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों की ही बिक्री करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कारोबारियों को मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थ ढककर रखने, बासी मिठाइयों की बिक्री नहीं करने तथा एक्सपायरी खाद्य एवं पेय पदार्थ उपभोक्ताओं को किसी भी दशा में नहीं बेचने के निर्देश दिए गए। एक्सपायरी उत्पादों को अलग से सुरक्षित रखकर संबंधित कंपनी को वापस करने को कहा गया।

इसके अलावा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, मिठाई निर्माण में लगे कार्मिकों को हेयर नेट का प्रयोग कराने और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा आरके शर्मा ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों में गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा एवं मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कठोर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।